जींद :चूरापोस्त बरामदगी के आरोप में मुख्य नशा तस्कर काबू
जींद, 03 मई (हि.स.)। सीआईए स्टाफ नरवाना ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जनवरी माह में बरामद हुई 276 किलोग्राम चूरापोस्त के फरार आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर रही है। सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि जनवरी माह में उचाना में 276 किलोग्राम चूरापोस्त को खेत में बने तहखाने से बरामद किया था।
आरोपित ने अपने खेत मे लोहे का तहखाना बनाया हुआ था। जिसके ऊपर पराली व गोबर डाल कर उसे छुपाया गया था। यहां से पुलिस ने गांव डूमरखां निवासी सुमित को गिरफ्तार किया था। जबकि मुख्य आरोपित गांव डूमरखां निवासी मनीष फरार हो गया था। जिस खेत से चूरा पोस्त बरामद हुआ था वह मनीष का था।
रविवार को जानकारी देते हुए सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि फरार आरोपित मनीष कुछ दिन पहले कैथल में एनडीपीएस के एक मामले में पेशी पर कोर्ट में गया था। कैथल अदालत ने आरोपित को जेल में बंद करने के आदेश दिए थे। दो मई को आरोपित को प्रोडक्शन वारंट पर हासिल करके अदालत परिसर नरवाना से गिरफ्तार कर अदालत से छह दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपित से नशे से जुड़े नेटवर्क बारे पूछताछ की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

