home page

जींद : पुरानी अनाजमंडी में व्यापारी के अपहरण का प्रयास, मचा हड़कंप

 | 
जींद : पुरानी अनाजमंडी में व्यापारी के अपहरण का प्रयास, मचा हड़कंप


जींद, 17 मार्च (हि.स.)। जुलाना कस्बे की पुरानी अनाजमंडी में एक व्यापारी के अपहरण का प्रयास किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।

व्यापारी सुशील मंगलवार सुबह के समय टहलने के लिए घर से निकले थे। जब वह अनाज मंडी स्थित चौकी के पास पहुंचेए तभी एक सफेद रंग की कार अचानक उनके सामने आकर रुकी। कार से उतरे दो अज्ञात बदमाशों ने सुशील के मुंह पर कपड़ा डाल कर जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। इस दौरान सुशील ने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। धक्का.मुक्की में वह नीचे गिर गए लेकिन उनकी आवाज सुन कर आसपास के लोग सतर्क हो गए। लोगों को आता देख बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। इस वारदात से जुलाना के व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

जुलाना चौकी इंचार्ज अजय कुमार ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली थी कि एक व्यापारी को अपहरण करने की कोशिश की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम भी जांच में जुटी हुई है। आस पास के सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा