home page

दो दिन से लापता युवक का शव नहर में मिला

 | 
दो दिन से लापता युवक का शव नहर में मिला


नोएडा, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र के बिलासपुर कस्बे में दो दिन से लापता एक युवक का शव शनिवार को ककोड़ क्षेत्र के पास गंग नहर (खेरली नहर) में मिला। दोस्तों के साथ नहर में नहाने की बात कहकर वह घर से निकला था। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में नहर में डूबने से युवक की मौत की आशंका जताई जा रही है।

थाना दनकौर प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बिलासपुर कस्बे के सिरजेखानी मोहल्ला निवासी रवि ने थाने में सूचना दी थी कि उसका छोटा भाई आकाश (२४) चार जून को दोस्तों के साथ नहर में नहाने के लिए गया था। देर शाम तक नहीं लौटने पर तलाश की गई, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने मे गुमशुदगी दर्ज कराई गई। शनिवार को बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र में नहर से लापता युवक का शव मिलने पर स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सूचना मिलने पर परिजनों ने पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचकर शव की पहचान की।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक युवक का शव घटनास्थल से सात किमी. दूर नहर में मिला है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी