home page

परिजनों से कहासुनी के बाद घर से निकली किशोरी का शव पेड़ पर लटका मिला

 | 
परिजनों से कहासुनी के बाद घर से निकली किशोरी का शव पेड़ पर लटका मिला


हमीरपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर में परिजनों से कहासुनी के बाद घर से निकली 16 वर्षीय किशोरी का शव शुक्रवार को पलरा हार फैक्ट्री एरिया में बबूल के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची सुमेरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

सुमेरपुर थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने आज बताया कि कस्बा सुमेरपुर निवासी पप्पू की 16 वर्षीय पुत्री शिवानी की गुरुवार शाम करीब पांच बजे किसी बात को लेकर परिजनों से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद वह नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात में डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर सुमेरपुर पुलिस ने भी किशोरी की तलाश में खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

शुक्रवार को पलरा हार फैक्ट्री एरिया में एक बबूल के पेड़ पर किशोरी का शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

क्षेत्राधिकारी सदर यशपाल सिंह ने बताया कि थाना पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा