जींद : फिरौती मांगने के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद अवैध हथियार सहित गिरफ्तार
जींद, 23 मार्च (हि.स.)। जुलाना में व्यापारी सुशील कुमार के अपहरण के प्रयास व चौथ मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को मुठभेड़ के बाद काबू किया है। हालांकि इस मामले में एक आरोपित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने सोमवार को बताया कि जुलाना निवासी सुशील ने 17 मार्च को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सुबह की सैर के लिए निकला था। उसी समय कार में आए तीन नकाबपोश युवकों ने उनके अपहरण का प्रयास किया लेकिन सुशील कुमार नीचे गिर गए और अन्य लोगों को अपनी तरफ आता देखकर आरोपित फरार हो गए। आरोपितों ने व्यापारी से पांच लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस अधीक्षक उचाना संदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम जिसमें चौकी जुलाना, डिटेक्टिव स्टाफ, एवीटी स्टाफ व साइबर सेल का गठन किया गया। चौकी जुलाना इंचार्ज उप निरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में आरोपित विक्की वासी मालवी को 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी भी बरामद की गई तथा आरोपी का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि उनकी मनशा व्यापारी सुशील से एक करोड़ रुपये लेने की थी।
एसपी ने बताया कि डिटेक्टिव स्टाफ जींद के इंचार्ज निरीक्षक मनीष कुमार को सूचना मिली कि वारदात में शामिल दो आरोपित गतौली नहर पुल के पास अवैध हथियारों सहित मौजूद हैं। जिस पर तुरंत कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपितों ने पुलिस पर सीधा फायर कर दिया। जिसमें टीम बाल-बाल बच गई। जवाबी फायर में एक गोली आरोपित के पैर में लगी। जिस पर पुलिस ने उसे काबू कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान गांव मालवी निवासी प्रवेश बताई। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का पिस्तौल व एक खाली खोल व दो जिंदा राउंड बरामद हुए। इसी प्रकार दूसरा आरोपित भागने का प्रयास करते हुए गिर गया। जिसके भी पैर में चोट लगी। पुलिस टीम ने उसे भी काबू कर लिया। जिसकी पहचान मालवी निवासी सागर के रूप में हुई। दोनों आरोपितों को नागरिक अस्पताल जींद में भर्ती कराया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

