home page

थार जीप का कहर, पेट्रोल पंप के सेल्समैन को मारी टक्कर, हालत गंभीर

 | 
थार जीप का कहर, पेट्रोल पंप के सेल्समैन को मारी टक्कर, हालत गंभीर


नोएडा, 27 फ़रवरी (हि.स.)। थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर बिना नंबर के थार जीप पर सवार युवक ने पेट्रोल पंप पर डीजल डलवाया तथा बिना पैसे दिए वहां से भाग गया। सेल्समैन उसका पीछा किया तो उसने सेल्समैन की बाइक में टक्कर मार दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि थार जीप के चालक ने सेल्समैन को टक्कर मारने के बाद काफी दूर तक घसीटा था।

अपर पुलिस उपायुक्त आरके गौतम ने बताया कि थाना बादलपुर क्षेत्र के अंतर्गत एनटीपीसी कट के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर बिना नंबर की थार जीप के चालक ने डीजल डलवाया। डीजल डलवाने के बाद वह बिना पैसे दिए वहां से भाग गया। यह देखकर पेट्रोल पंप पर मौजूद सेल्समैन कुलदीप शर्मा पुत्र नरेंद्र शर्मा ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसका पीछा किया।

उन्होंने बताया कि दादरी बाईपास पर कोट चौकी के पास सेल्स मैन ने थार चालक को रोकने का प्रयास किया तो उसने बाइक में टक्कर मार दिया। इस घटना में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस में त्वरित कार्रवाई करते हुए थार जीप के चालक हर्ष पुत्र मनोज मवई निवासी ग्राम जोली थाना सिकंदराबाद उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि सेल्समैन कुलदीप शर्मा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी