home page

राजगढ़ः थाना के सामने शव रखकर किया चक्काजाम, पुलिस से झूमाझटकी

 | 
राजगढ़ः थाना के सामने शव रखकर किया चक्काजाम, पुलिस से झूमाझटकी


राजगढ़, 19 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के भगोरा गांव में रहने वाले 20 वर्षीय युवक की मौत के बाद शनिवार को परिजन और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी के बाद झूमाझटकी हो गई, जिसमें थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और प्रधान आरक्षक राधेश्याम दुगारिया को चोटें आई हैं।

पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, पुलिस से अभद्रता और चक्काजाम करने के आरोप में भगोरा निवासी युवा नेता महेश सौंधिया को गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की रात भगोरा निवासी राकेश (20) पुत्र जगदीश सोंधिया का शव सुठालिया बायपास रोड स्थित घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर ब्यावरा सिटी थाने पहुंचे। वे युवक की मौत की वजह स्पष्ट करने और तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें मर्ग जांच जारी होने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस के अनुसार, थाने पर समझाइश के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। महेश सौंधिया ग्रामीणों के साथ शव लेकर ओल्ड एबी रोड पर पहुंचा और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस टीम से प्रदर्शनकारियों की कहासुनी हुई। पुलिस का आरोप है कि महेश सौंधिया ने थाना प्रभारी के साथ झूमाझटकी की, जिससे उनके हाथ में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रधान आरक्षक राधेश्याम दुगारिया के साथ भी झूमाझटकी हुई। पुलिस ने अभद्रता और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है।

एसडीओपी प्रकाश शर्मा का कहना है कि युवक की मौत के मामले में मर्ग जांच जारी है, जबकि प्रदर्शन और पुलिस से विवाद के मामले में अलग से कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक