कोलकाता में थाई नागरिक मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार, अशोकनगर में हथियार तस्करी
कोलकाता, 22 जुलाई (हि.स.)। कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने मादक पदार्थ के साथ थाईलैंड की दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को मंगलवार देर रात भवानीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ है।
जांचकर्ता यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आरोपित युवतियां भारत कब आईं, बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था। प्रारंभ में दोनों युवतियों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि उनका किसी अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से संबंध है या नहीं तथा क्या वे किसी स्थान पर इस भारी मात्रा में मादक पदार्थ की आपूर्ति करने जा रही थीं।
एसटीएफ को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि भवानीपुर के एक पते पर दो युवतियां भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों युवतियां थाईलैंड की नागरिक हैं और कुछ दिन पहले ही कोलकाता आई थीं। उनके पास से बरामद पासपोर्ट तथा वीजा सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है तथा उनकी वैधता का सत्यापन किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि उनके पास इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ कहां से और किस प्रकार पहुंचा तथा वे केवल वाहक थीं अथवा इसके पीछे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क की योजना थी।
इधर, उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर में सीआईडी तथा अशोकनगर थाने की पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। हाबड़ा-नैहाटी रोड के निकट एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके बैग से बड़ी संख्या में मैगजीन, पिस्तौल तथा 200 राउंड ताजा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान पूजा विश्वास के रूप में हुई है। आरोप है कि वह बिहार से अवैध आग्नेयास्त्र तथा कारतूस कम कीमत पर खरीदकर पश्चिम बंगाल में ऊंचे दामों पर बेचती थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पुलिस की निगरानी से बचने के लिए इस तस्करी गिरोह में मुख्य रूप से महिलाओं का उपयोग किया जाता था। जांच एजेंसियों का मानना है कि महिलाओं के माध्यम से हथियार तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

