home page

बांसवाड़ा के टामटिया गांव में हिंसा के बाद तनाव, युवक की हत्या के बाद 30 से अधिक घर जलाए

 | 
बांसवाड़ा के टामटिया गांव में हिंसा के बाद तनाव, युवक की हत्या के बाद 30 से अधिक घर जलाए


बांसवाड़ा के टामटिया गांव में हिंसा के बाद तनाव, युवक की हत्या के बाद 30 से अधिक घर जलाए


बांसवाड़ा, 27 अप्रैल (हि.स.)। बांसवाड़ा जिले के मोटा गांव थाना क्षेत्र स्थित टामटिया गांव में रविवार देर रात हुए हिंसक विवाद के बाद सोमवार को भी तनाव बना हुआ है। हालात को देखते हुए मौके पर चार थानों की पुलिस तैनात की गई है, जबकि जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भी भेजा गया है। बाहरी लोगों के गांव में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

पुलिस के अनुसार प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हुआ, जिसमें कुल्हाड़ी से वार कर गोविंद पुत्र छगनलाल की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दूसरे पक्ष के घरों और बाड़ों में तोड़फोड़ करते हुए आगजनी कर दी। इस दौरान 30 से अधिक घरों को आग के हवाले कर दिया गया तथा पथराव भी हुआ। कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उग्र भीड़ ने पथराव कर पुलिस को गांव में प्रवेश करने से रोक दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त बल बुलाया गया। रात में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजकर आग पर काबू पाया गया, हालांकि कई घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

मोटा गांव थानाधिकारी रमेश चंद्र ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है और दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बहाल करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी तथा एसडीएम मनसुख डामोर मौके पर पहुंच और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सोमवार सुबह भी बड़ी संख्या में ग्रामीण मोटा गांव थाने पहुंच रहे हैं और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने गांव के प्रमुख स्थानों पर लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाई है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष