बछड़े की हत्या से अजमेर में तनाव, एक आरोपी गिरफ्तार; बजरंग दल का प्रदर्शन
अजमेर, 06 अप्रैल (हि.स.)। अजमेर शहर में ब्यावर रोड स्थित एक स्थान पर सोमवार को गाय के बछड़े की हत्या की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोपी युवक को मौके पर पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ सहित रामगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने बछड़े के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटनास्थल से एक धारदार हथियार भी बरामद किया है।
इस संबंध में जवाहर की नाड़ी निवासी अनिकेत महावर की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बजरंग दल के संयोजक चेतन सैनी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोपी को धारदार हथियार से बछड़े का गला काटते हुए देखा, जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया। घटना को लेकर बजरंग दल सहित विभिन्न संगठनों में आक्रोश व्याप्त हो गया और विरोध प्रदर्शन भी किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान फिलहाल उजागर नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी की मंशा का पता लगाया जा रहा है तथा यह भी जांच की जा रही है कि घटना के पीछे कोई साजिश तो नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

