चरित्र शंका व अवैध संबंध के शक में किराएदार ने की मकान मालिक की हत्या, आराेपित गिरफ्तार
रायपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर से लगे राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में चरित्र शंका और अवैध संबंध के शक के चलते एक किराएदार ने आज शनिवार सुबह अपने ही मकान मालिक की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रायपुर ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार झा ने बताया कि मृतक की पहचान ग्राम गनौद (थाना राखी) निवासी वेद राम साहू (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले आरोपित का नाम पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (उम्र 25 वर्ष) है। आरोपित मूल रूप से ग्राम धमनी भाटापारा (वार्ड नंबर 2), थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर का निवासी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित पुरुषोत्तम धीवर पिछले एक-दो सालों से मृतक वेद राम साहू के मकान में किराए से रहकर ऑटो पार्ट्स की दुकान चला रहा था। इसी दौरान मकान मालिक वेद राम साहू को अपनी पत्नी के साथ किराएदार पुरुषोत्तम के अवैध संबंध होने का गहरा शक हो गया था।
पत्नी पर चरित्र शंका को लेकर मकान मालिक वेद राम साहू और किराएदार पुरुषोत्तम के बीच अक्सर कहासुनी और तनाव की स्थिति बनी रहती थी। वेद राम साहू आए दिन आरोपित के साथ गाली-गलौज और विवाद करता था।
घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गई। आवेश में आकर आरोपित पुरुषोत्तम धीवर ने मकान मालिक वेद राम साहू का गला कसकर दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण वेद राम साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना आज सुबह लगभग 11:30 बजे राखी थाना पुलिस को मिली। सूचना पाते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। क्राइम सीन का मुआयना करने और आसपास के प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपित पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपित को हिरासत में लेकर आगे की विवेचना जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

