home page

कार से दस किलो अफीम पकड़ी, दो गिरफ्तार, एमपी से मारवाड़ के जाने की आशंका

 | 
कार से दस किलो अफीम पकड़ी, दो गिरफ्तार, एमपी से मारवाड़ के जाने की आशंका


चित्तौड़गढ़, 29 अप्रैल (हि.स.)। शहर की सदर थाना चित्तौड़गढ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे शुदा कार से नौ किलो 999 ग्राम अफीम जब्त कर कार्रवाई की गई। अफीम का अनुमानित मूल्य लाखों रुपए आंकी गई है। आरोपितों ने कार में टायर के पास गुप्त जगह बना कर अफीम छिपा रखी थी। यह अफीम मध्यप्रदेश के आस-पास से मारवाड़ की ओर तस्करी करने की आशंका है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि चित्तौड़गढ़ सदर थानाधिकारी प्रेमसिंह के सुपरविजन में टीम ने तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की है। मादक पदार्थ की धरपकड़ के लिए थाना से सब इंस्पेक्टर अमृतलाल के नेतृत्व में टीम का गठन किया। गठित टीम ने हाईवे रोड पर नाकाबन्दी की। इस दौरान दो व्यक्ति उदयपुर-नीमच की तरफ से भीलवाड़ा पासिंग आई-20 कार लेकर आते दिखे। इन्हें पुलिस ने रोकना चाहा लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी और भागने लगे। इस पर पुलिस जाब्ते ने बैरियर लगा कार को रोका। चालक व इसके साथी की गतिविधि संदिग्ध होने से कार की तलाशी ली। कार के अन्दर बनी विशेष जगह के अन्दर नौ प्लास्टिक की थैलियों में अफीम मिली। कार से नौ थैलियों में नौ किलो 999 ग्राम अवैध अफीम मिली। इस पर पुलिस ने अफीम कार को जब्त कर लिया। सदर थाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर चालक मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के पिपलिया पंथ निवासी नरेन्द्र कुमार पुत्र बालुराम पवार, बावरी व इसके साथी राजू पुत्र देवीलाल पोरवाल को गिरफ्तार कर लिया। जब्त शुदा अवैध अफीम की खरीद-फरोख्त के सम्बंध में आरोपितों से अनुसंधान जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल