home page

शिमला : नीम करौरी बाबा की तपोस्थली संकटमोचन मंदिर से चोरी का पूरा समान बरामद, आरोपी ने जंगल में छिपाकर रखे थे चांदी के मुकुट और आभूषण

 | 
शिमला : नीम करौरी बाबा की तपोस्थली संकटमोचन मंदिर से चोरी का पूरा समान बरामद, आरोपी ने जंगल में छिपाकर रखे थे चांदी के मुकुट और आभूषण


शिमला, 24 नवंबर (हि.स.)। प्रसिद्ध संत नीम करौरी बाबा की साधना से जुड़ी शिमला के ऐतिहासिक संकटमोचन मंदिर में चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने चोरी की गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली है। मंदिर के गर्भगृह से तीन चांदी के मुकुट और अन्य धार्मिक आभूषण चुराने के बाद आरोपी ने सामान को शिमला के कमयाणा और भराड़ी के समीप जंगल में छिपा दिया था। करीब 22 दिन तक चली जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। उसकी निशानदेही पर हनुमान जी की गदाएं, चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, कड़े, कुंडल, हार और चांदी की जोत सहित सभी चोरी की गई वस्तुएं बरामद कर ली गई हैं। पुलिस के अनुसार चोरी गई संपत्ति की 100 फीसदी बरामदगी हुई है।

चोरी की यह वारदात एक नवंबर 2026 की रात को हुई थी। आरोपी ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और गर्भगृह तक पहुंच गया। वहां से तीन चांदी के मुकुट और सोने-चांदी के अन्य आभूषण चोरी किए गए। इसके बाद मंदिर के दानपात्रों में रखी नकदी भी निकाल ली गई थी। तीन चांदी के मुकुटों का कुल वजन करीब 13 किलोग्राम बताया गया था। दानपात्रों से करीब 10 से 12 हजार रुपये चोरी होने का अनुमान लगाया गया था। घटना का पता चलने पर मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस थाना बालूगंज में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(D) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस के लिए अहम साबित हुई। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया था। पुलिस ने उसकी तस्वीर सार्वजनिक कर लोगों से पहचान में मदद मांगी थी। इसके बाद जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शिमला जिले की सुन्नी तहसील के बसंतपुर निवासी हितेन्द्र कंवर उर्फ बंटी (31) की पहचान की। उसे सोमवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 120B के तहत गिरफ्तार किया गया था।

कमयाणा के जंगल में छिपाकर रखा था चोरी का सामान

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की और चोरी की संपत्ति का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई। 23 नवंबर को उसकी निशानदेही पर कमयाणा, भराड़ी के समीप जंगल से मंदिर का चोरी हुआ सामान बरामद किया गया। इसमें हनुमान जी की गदाएं, चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, कड़े, कुंडल, कटोरियां, चम्मच, हार, चांदी की जोत, चरण पादुकाएं और अन्य धार्मिक वस्तुएं शामिल हैं। बरामदगी के दौरान संकटमोचन मंदिर के ट्रस्टी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बरामद वस्तुओं की पहचान मंदिर से चोरी हुई संपत्ति के रूप में की। पुलिस ने सभी वस्तुओं को नियमानुसार अपने कब्जे में ले लिया है।

एसएसपी बोले, चोरी गई संपत्ति की 100 फीसदी बरामदगी

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मंगलवार को बताया कि संकटमोचन मंदिर चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया था। बरामद सामान की मंदिर के ट्रस्टियों से पहचान करवाई गई है। चोरी गई संपत्ति की 100 फीसदी बरामदगी हो चुकी है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

नीम करौरी बाबा की साधना से जुड़ा है मंदिर का इतिहास

संकटमोचन मंदिर का इतिहास प्रसिद्ध संत नीम करौरी बाबा से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि वर्ष 1950 के आसपास नीम करौरी बाबा ने इस क्षेत्र के जंगल में करीब 10 से 12 दिन साधना की थी। इसी दौरान उन्होंने यहां भगवान हनुमान का मंदिर स्थापित करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद वर्ष 1962 में मंदिर का निर्माण शुरू हुआ। तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर बजरंग बहादुर सिंह और उनके अनुयायियों ने इसके निर्माण में योगदान दिया। मंदिर का उद्घाटन 21 जून, 1966 को हुआ था।

समय के साथ संकटमोचन मंदिर शिमला के प्रमुख धार्मिक केंद्रों में शामिल हो गया। यहां भगवान हनुमान के अलावा भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, भगवान शिव और गणेश की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। मंदिर परिसर में नीम करौरी बाबा का अलग मंदिर भी है, जहां उनकी प्रतिमा स्थापित है। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ शिमला घूमने आने वाले पर्यटक भी बड़ी संख्या में यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल के गर्भगृह से चांदी के मुकुट और अन्य धार्मिक आभूषण चोरी होने की घटना ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा