मंदिरों से मूर्तियां और घंटे चुराने वाले गिरोह के पांच आरोपित गिरफ्तार
जौनपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जनपद की पुलिस ने मंदिरों से मूर्तियां और घंटे चोरी करने वाले गिरोह के पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर बुधवार को चाेरी का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई अष्टधातु की राम, सीता और लक्ष्मण की मूर्तियां, 21 मंदिर के घंटे और चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त चार पहिया वाहन बरामद किया है।
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बुधवार को पुलिस लाइन में खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपित एक संगठित गिरोह के रूप में अलग-अलग मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह का मुख्य सरगना राजन तिवारी है। पुलिस ने चोरी का सामान बेचने और खरीदने वालों को भी गिरफ्तार किया है।
सीओ सिटी ने बताया कि 11 अगस्त को पवारा थाना क्षेत्र स्थित अदेश्वर महादेव मंदिर से अष्टधातु की राम, सीता और लक्ष्मण की मूर्तियां चोरी हुई थीं। इसके बाद लाइन बाजार थाना क्षेत्र के एक मंदिर से घंटे चोरी किए गए। मीरगंज थाना क्षेत्र में भी दो से तीन मंदिरों से घंटे चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं।
घटनाओं के खुलासे के लिए पवारा, मीरगंज और लाइन बाजार थाना पुलिस के साथ सर्विलांस टीम को लगाया गया था। मंगलवार देर रात पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर रामपुर थाना क्षेत्र के कुंभापुर से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें शिव प्रकाश तिशारी उर्फ राजन, ब्रह्मदेव तिवारी उर्फ ओम तिवारी, राकेश गुप्ता का बेटा राेहित गुप्ता, रामबाबू जायसवाल और अवध नारायण के पुत्र रोहित गुप्ता शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपितों के पास से 21 घंटे, चोरी की मूर्तियां और वारदात में इस्तेमाल चार पहिया वाहन बरामद हुआ है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त के संबंध में आगे जांच कर रही है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

