home page

चित्तौड़गढ़ में मंदिर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार, जैन प्रतिमाएं बरामद

 | 
चित्तौड़गढ़ में मंदिर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार, जैन प्रतिमाएं बरामद


चित्तौड़गढ़, 08 मई (हि.स.)। चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित कीर्ति स्तंभ परिसर के मल्लिनाथ जैन मंदिर सहित तीन मंदिरों में हुई चोरियों का कोतवाली थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भगवान शांतिनाथ और महावीर स्वामी की प्रतिमाएं तथा आभा मंडल बरामद किए हैं, जबकि चोरी गए अन्य सामान की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने गुरुवार को मीडिया को बताया कि 16-17 अप्रैल की रात दुर्ग स्थित मल्लिनाथ जैन मंदिर, 26-27 अप्रैल को कैलाश नगर के रामेश्वर महादेव मंदिर तथा 29-30 अप्रैल को चामटीखेड़ा के द्वारकाधीश मंदिर में ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया था। बदमाश मंदिरों से मूर्तियां, चांदी के छत्र, आभूषण, सिंहासन और दानपात्र में रखी नकदी चोरी कर ले गए थे। उन्होंने बताया कि मल्लिनाथ जैन मंदिर में चोरी वाली रात 220 केवी जीएसएस में ब्लास्ट होने से शहर की बिजली गुल हो गई थी। बिजली बंद होने के कारण अभय कमांड सेंटर और आसपास के निजी संस्थानों के सीसीटीवी कैमरे भी इनवर्टर खत्म होने से बंद पड़ गए थे। बदमाशों ने इसी स्थिति का फायदा उठाकर मंदिर के पांच ताले तोड़े और मूर्तियों सहित चांदी के छत्र, तीन आभा मंडल तथा दानपात्र चोरी कर ले गए। मंदिर परिसर में तैनात दो चौकीदारों को भी घटना की भनक नहीं लगी।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी तुलसीराम के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने करीब 20 दिनों तक घटनास्थलों के आसपास के मार्गों की जांच की, सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से लगातार जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मानपुरा मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे से मिला। फुटेज में रात करीब चार बजे एक कुत्ता दुर्ग की ओर भौंकता दिखाई दिया। पुलिस ने आसपास के अन्य कैमरों की पड़ताल की तो तीन संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। इसी आधार पर पुठोली, आजोलिया का खेड़ा सहित कई गांवों में जांच का दायरा बढ़ाया गया और पुलिस गिरोह के मास्टरमाइंड मिठूलाल नायक तक पहुंच गई।

पुलिस ने संदेह के आधार पर मिठूलाल नायक निवासी पेमदिया का खेड़ा, निम्बाहेड़ा पर निगरानी रखी। वह पिछले करीब एक माह से दिवाकर नगर में किराये के कमरे में रह रहा था। पुलिस ने उसे साथियों सहित डिटेन कर पूछताछ की तो आरोपियों ने चोरी की वारदातें कबूल कर लीं। पुलिस ने मामले में मिठूलाल नायक, कन्हैयालाल नायक, राजमल कामड़, प्रकाश खारोल और हिम्मत सालवी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कैलाश नगर के रामेश्वर मंदिर, चामटीखेड़ा के द्वारकाधीश मंदिर तथा फतेहनगर के खाटूश्याम मंदिर में चोरी करना भी स्वीकार किया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह के पांच अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं तीनों मंदिरों से चोरी हुए चांदी के छत्र और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

पूरे मामले के खुलासे में कांस्टेबल प्रहलाद, बलवंत सिंह और सुनील चौधरी की विशेष भूमिका रही। जांच टीम में एएसआई महेंद्र सिंह, चांदमल, जितेंद्र सिंह, नवरंग तथा साइबर सेल के राजकुमार, रामावतार, हरिराम, राजेश और लक्ष्मण सिंह भी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल