मंदिर में यजमान को लेकर बवाल, दो पंडा गुटों में खूनी भिड़ंत
सीवान, 19 अप्रैल (हि.स.)। सीवान के मैरवा थाना क्षेत्र स्थित हरिराम ब्रह्म स्थान मंदिर रविवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब यजमान से पूजा कराने को लेकर दो पंडा गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कुल छह लोग घायल हो गए।
घटना में हरनाथपुर निवासी शिव शरण पांडेय, शिवजी पांडेय, रवि पांडेय तथा कुसौंधी निवासी बिपु पांडेय, सनी पांडेय और आदित्य पांडेय घायल हुए हैं। सभी को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
रवि प्रकाश पांडेय ने आरोप लगाया कि एक यजमान उपनयन संस्कार के लिए उनके पास आया था और पूजा की तैयारी चल रही थी, तभी दूसरे पक्ष के लोग यजमान को बहलाकर अपने पक्ष में करने लगे। विरोध करने पर मामला गरमा गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी दोनों गुटों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वहां भी फिर से भिड़ंत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात को काबू में किया।
मैरवा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही, दोनों गुटों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ आवेदन दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

