श्योपुरः टेलीग्राम ग्रुप पर पटवारी से 11 लाख से अधिक की सायबर ठगी
श्योपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 में रहने वाले पटवारी मनीष गुप्ता पुत्र सोहनप्रकाश गुप्ता के साथ 11 लाख 11 हजार 508 रूपये की आनलाइन ठगी की गई है। यह ठगी सोशल मीडिया टेलीग्राम ग्रुप पर हुई है। इस संबंध में सोमवार को युवक ने कोतवाली में आवेदन सौंपते हुए फ्रॉड करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
कोतवाली पुलिस को सौंपे गये ज्ञापन में वार्ड क्रमांक 7 के कृष्णा नगर निवासी पटवारी मनीष गुप्ता ने बताया कि उनके साथ टेलीग्राम ऑनलाइन फाइनेंशियल फ्रॉड हुआ है। शिकायती आवेदन में बताया गया कि टेलीग्राम पर ऑटोमैटिक मोनालीसा कनाकिया जो ग्रुप की एडमिन थी उसके द्वारा टेलीग्राम में ग्रुप एमेजोन 122 गोल्ड मेम्बर डे इवेंट में जोड़ा गया। जिसमें आधा सैंकड़ा से अधिक लोग जुड़े हुए थे। ग्रुप के माध्यम से बताया गया कि यहां से फरियादी अच्छा बेनिफिट प्राप्त कर सकता है। जिसके लिये सभी टास्क पूरा करने हेांगे। फरियादी से ट्रेड आईडी बनाने से लेकर क्रेडिट स्कोर बढाने, क्रेडिट रिपेयर करने, टैक्स अमाउंट जमा करने के नाम पर एक के बाद एक 11 लाख 11 हजार 508 रूपये ऑनलाईन अलग-अगल चार खातों में ट्रांसर्फर करवा लिये गये, तब फरियादी को समझ में आया कि उसके साथ साइबर ठगी की जा रही है। फरियादी ने कोतवाली में आवेदन सौंपकर खातों को फ्रिज करवाने और ठगी करने वालों पर कार्यवाही की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने युवक के शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत वैष्णव

