करीमनगर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में डकैती, 30 राउंड फायरिंग में 4 गार्ड घायल, एक की हालत गंभीर
हैदराबाद, 03 मई (हि.स.)। तेलंगाना के करीमनगर जिले में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में घुसकर डकैती को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने सुरक्षाकर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें चार गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह घटना जगतियाल रोड स्थित पीएमजे ज्वेलरी शॉप में उस समय हुई, जब दुकान का स्टाफ रोजाना की तरह लॉकर से गहने निकालकर डिस्प्ले की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच नकाबपोश बदमाश अचानक दुकान में घुस आए। उनके हाथों में आधुनिक हथियार थे और वे पूरी योजना के साथ आए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, बदमाशों ने बिना चेतावनी दिए अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि करीब 30 राउंड फायरिंग की गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गोलीबारी में चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जिनमें एक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
डकैती के दौरान बदमाशों ने दुकान में रखे कीमती जेवरात लूट लिए और कुछ ही मिनटों में मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। साथ ही, दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे किसी अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ हो सकता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या बदमाशों को स्थानीय स्तर पर किसी की मदद मिली थी।
फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
--------------
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

