रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से किशोर की मौत; रोजगार की तलाश में झाबुआ से भोपाल आया था
भोपाल, 10 अगस्त (हि.स.)। रोजगार की तलाश में करीब 10 दिन पहले झाबुआ से भोपाल आए 16 वर्षीय किशोर की सोमवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। किशोर मनुआभान टेकरी घूमने गया था। वापस लौटते समय एयरपोर्ट रोड के समीप रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान वह मुंबई की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान झाबुआ निवासी 16 वर्षीय महेश डाबर पुत्र मधु डाबर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार महेश लगभग 10 दिन पहले रोजगार की तलाश में भोपाल आया था। वह एयरपोर्ट रोड क्षेत्र में रहने वाले अपने रिश्तेदार की झुग्गी में रह रहा था और काम की तलाश कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब आठ बजे महेश घूमने के लिए मनुआभान टेकरी गया था। कुछ समय बाद वह पैदल वापस लौट रहा था। इसी दौरान एयरपोर्ट रोड के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय मुंबई लाइन की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की टक्कर से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू की।
सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हुए हादसे के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

