राजगढ़ः करंट की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर की मौत
राजगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धामनदा में बुधवार सुबह नवनिर्मित मकान की तराई करते समय बिजली के तारों की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मर्ग कायम किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम धामनदा निवासी रविराज (17) पुत्र जीतमल नागर बुधवार सुबह अपने नवनिर्मित मकान की तराई कर रहा था। इसी दौरान वह वहां फैले बिजली के तारों की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बेसुध होकर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि रविराज अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रविराज कक्षा 11वीं में पढ़ाई कर रहा था। किशोर की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे से परिवार को भविष्य की उम्मीदें थीं, उसकी असमय मौत से परिजन सदमे में हैं। किशोर को किन परिस्थितियों में करंट लगा और बिजली के तार वहां किस स्थिति में फैले हुए थे, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

