home page

मोबाइल चोरी के शक में किशोर को भीड़ ने पीटा, वीडियो वायरल होने से इलाके में आक्रोश

 | 
मोबाइल चोरी के शक में किशोर को भीड़ ने पीटा, वीडियो वायरल होने से इलाके में आक्रोश


मालदा, 24 फरवरी (हि. स.)। कानून को हाथ में लेने की एक अमानवीय तस्वीर जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र के बंगाल-बिहार सीमावर्ती कुशिदा हाट से सामने आई है। मोबाइल चोरी के संदेह में एक किशोर को दिनदहाड़े भरे बाजार में भीड़ ने बेरहमी से पीट दिया। हाथ जोड़कर माफी मांगने के बावजूद उसे नहीं छोड़ा गया।

बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर कुशिदा हाट में स्थानीय लोगों ने मोबाइल चोरी के शक में किशोर को पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो (जिसकी पुष्टि हिन्दुस्थान समाचार नहीं करता) में देखा जा सकता है कि बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक कई लोग किशोर को मारते नजर आ रहे है। भीड़ ने उसके कपड़े उतारने की भी कोशिश की। किशोर बार-बार रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन लोग नहीं रुके। वीडियो सामने आते ही इलाके में आक्रोश और निंदा का माहौल है। हाट जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर इस तरह की ‘मध्ययुगीन बर्बरता’ को लेकर जागरूक नागरिकों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

हरिश्चंद्रपुर थाना की ओर से बताया गया है कि वीडियो संज्ञान में आते ही किशोर को बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और कानून हाथ में लेकर मारपीट करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार