home page

लाखो रुपये की नकदी और सोने के जेवरात लेकर घर से भागी किशोरी

 | 
लाखो रुपये की नकदी और सोने के जेवरात लेकर घर से भागी किशोरी


दो युवकों पर लगा भगाकर ले जाने का आरोप, मुकदमा दर्ज

हमीरपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में चिकासी थाना क्षेत्र के गांव में 16 वर्षीय एक किशोरी कूड़ा फेंकने के बहाने घर से भाग गई। किशोरी अपने साथ 02 लाख रुपये की नकदी और सोने के जेवरात भी साथ ले गई है। लापता किशोरी के पिता ने रविवार को पीलीभीत जनपद निवासी हार्वेस्टर चालक इमरान और उसके साथी रिहान पर बहला-फुसलाकर पुत्री को भगाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए चिकासी थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।

चिकासी थानाक्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति ने चिकासी थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री अपने घर से कूड़ा कचरा फेंकने गई थी। बताया कि जब काफी समय तक वापस घर नहीं लौटी तो उन लोगों ने उसके सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू कर दी लेकिन कहीं पर भी पता नहीं चल सका। बताया कि पीलीभीत जनपद निवासी हार्वेस्टर चालक इमरान और उसका साथी रिहान बहला फुसला कर उसकी नाबालिग पुत्री को भगाकर अपने साथ ले गये हैं। बताया कि उसकी पुत्री घर में रखे 02 लाख रुपये की नकदी सहित सोने के जेवरात भी अपने साथ ले गई है। बताया कि उसने अब चिकासी थाने में लिखित तहरीर देकर दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में चिकासी थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर मयंक सिंह चंदेल ने रविवार को बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा