home page

किशोरी की तालाब में डूबने से मौत, पुलिस जांच में जुटी

 | 
किशोरी की तालाब में डूबने से मौत, पुलिस जांच में जुटी


बस्ती, 24 अगस्त (हि.स.)।

जिले में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भीटा गांव में सोमवार दोपहर तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका की पहचान ठोरिका गांव निवासी सपना (16) के रूप में हुई है। सपना इन दिनों भीटा गांव में अपनी मौसी के घर आई हुई थी। सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह मौसी के घर से निकलकर गांव के पास तालाब की ओर चली गई। परिजनों ने उसे तालाब की तरफ जाते देखा तो उसके पीछे गए, लेकिन तब तक वह तालाब के गहरे पानी में पहुंच चुकी थी। सपना के तालाब में डूबने की जानकारी होते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

किशोरी के चाचा गोविंद निषाद ने बताया कि सपना की कथित तौर पर मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।

घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी