चाकू दिखाकर घर से किशोरी को अगवा कर किया दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, 5 सितम्बर (हि.स.)। महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में शुक्रवार की रात घर में घुसकर आरोपित ने 16 वर्षीय किशोरी को चाकू दिखाकर अगवा कर लिया। आरोपित डरा धमकाकर उसे घर से करीब 150 मीटर दूर खंडहर में ले गया और दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित पीड़िता को बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गया। परिजन जागे तो किशोरी घर के गेट के पास बेहोश मिली। होश में आने पर उसने आपबीती सुनाई। पुलिस ने शनिवार को पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना मझोला में पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि दो सितंबर की रात परिवार के लोग घर में सो रहे थे। तीन सितंबर की सुबह वह जागे तो घर के गेट के पास बेटी को बेहोशी की हालत में पाया। होश में आने पर किशोरी ने पिता को बताया कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा होने का फायदा उठाकर मझोला के लाकड़ी फाजलपुर निवासी आदेश 2 सितंबर की रात करीब 12 बजे घर में घुस आया। आरोपित ने उसे चाकू दिखाकर डराया। वह उसे घर से करीब 150 मीटर दूर खंडहरनुमा मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपित ने पीड़िता के फोटो और वीडियो बना लिए। आरोपित ने पीड़िता को फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

