राजगढ़ः मोबाइल चलाने से रोकने पर 16 वर्षीय किशोर ने कुएं में लटककर जान दी
राजगढ़, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ी में शुक्रवार शाम दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां मोबाइल चलाने से पिता द्वारा मना किए जाने पर 16 वर्षीय किशोर ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
जानकारी के अनुसार, सुमित पुत्र सावंतसिंह गुर्जर (16) कक्षा 10वीं का छात्र था और घर पर मोबाइल चला रहा था। इस पर उसके पिता ने उसे डांटते हुए मोबाइल उपयोग से मना किया। बात से आहत होकर सुमित खेत पर बने कुएं पर पहुंचा और पानी भरने के लिए लगाई गई पट्टी से रस्सी का फंदा बनाकर उसमें लटक गया। कुछ देर बाद परिजन जब खेत पहुंचे तो सुमित को बेसुध हालत में देखा और तत्काल सिविल अस्पताल ब्यावरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव या पढ़ाई को लेकर दबाव जैसी आशंकाएं जताई जा रही हैं, हालांकि वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया है, जिसका परीक्षण शनिवार सुबह किया जाएगा। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

