हमले के फरार आरोपित के घर को तोडऩे पहुंची पुलिस व निगम की टीम
जोधपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। महामंदिर थाना क्षेत्र स्थित सनसिटी अस्पताल के सामने कुछ दिन पहले देर रात एक युवक पर लाठी-डंडे और तलवारों से हमला करने के मामले में वांछित मुख्य आरोपित आकाश सरगरा पुलिस गिरफ्त से दूर है। उसे पकडऩे के लिए पुलिस प्रयास कर रही है, लेकिन वह अभी हाथ नहीं आया है। इस बीच शनिवार को नगर निगम और पुलिस दल माता का थान थाना क्षेत्र स्थित उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई के लिए पहुंचा। दल के साथ जेसीबी भी थी, लेकिन मौके पर जब घर के कागजात देखे गए तो वह आकाश सरगरा के पिता के नाम से निकले। इसके बाद दल पीछे हट गया। अब उसके पिता से कहा गया है कि इस भूखंड पर बनाए गए मकान के निर्माण की अनुमति दो दिन में पेश करें।
माता का थान थानाधिकारी शफीक अहमद ने बताया कि सनसिटी अस्पताल के पास हुई तलवारबाजी के मामले में मुख्य आरोपित आकाश सरगरा उर्फ आकाश पंवार की तलाश है। वह थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। इसका एक अवैध मकान थाना क्षेत्र के कीर्ति नगर में है। इसे तोडऩे के लिए आज नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ यहां पहुंची थी। जांच में पता चला कि उसके पिता के नाम का पट्टा जारी हो रखा है। नगर निगम की टीम ने मौके पर रिपोर्ट बनाई है और मकान के निर्माण संबंधी दस्तावेज तलब किए हैं। इसके लिए आकाश के पिता को दो दिन का समय दिया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
बता दे कि आठ जुलाई की रात सनसिटी अस्पताल के सामने युवक करन सरगरा पर पांच हमलावरों द्वारा घेरकर तलवार, डंडों और पाइप से बेरहमी से मारपीट की गई थी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। घायल ने नामजद रिपोर्ट दी, जिसमें आकाश सरगरा सहित अन्य के खिलाफ आरोप लगाए। महामंदिर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि पुलिस ने फुटेज के आधार पर इस मामले में वसीम, अंकित, यशवर्धन, अरुण और समीर को गिरफ्तार किया है। जबकि मुख्य आरोपित की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

