शहडोल: शिक्षक से 4.72 लाख की ठगी, नागपुर के चिकित्साएलय का नंबर खोजने पर व्हाट्सएप से भेजी एपीके फाइल
शहडोल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना अंर्तगत शासकीय स्कूल में शिक्षक का साइबर ठगों ने बैंक अकाउंट से 24 घंटे के भीतर 4 लाख 72 हजार 600 रुपये से अधिक निकाल लिए। शिक्षक नागपुर के निजी अस्पताल में डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए उसका नंबर खोज रहे थे। इस दौरान व्हाट्सएप पर भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड करने के बाद उनके अकाउंट से रकम निकलने लगी। शिकायत पर गोहपारू पुलिस ने बुधवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित रामनिवास जसवाल गोहपारू थाना क्षेत्र के एक शासकीय स्कूल में शिक्षक हैं। कुछ समय से उनकी तबीयत खराब थी और उन्हें चक्कर आने की शिकायत थी। बेहतर इलाज के लिए उन्होंने नागपुर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने गूगल पर अस्पताल का नंबर खोजकर संपर्क किया। फोन पर मौजूद व्यक्ति ने अपॉइंटमेंट बुक करने का भरोसा दिया और व्हाट्सएप पर APK फाइल भेजी। शिक्षक ने फाइल डाउनलोड कर ली, जिसके बाद उनके बैंक अकाउंट से पैसे निकलने लगे।
आरोपियों ने 21 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए शिक्षक के अकाउंट से लगभग पूरी जमा रकम निकाल ली। अकाउंट से पैसे निकलने की जानकारी मिलने पर शिक्षक ने अपने बेटे को बताया। बेटे ने बैंक से संपर्क कर अकाउंट फ्रीज कराया और साइबर अपराध हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
गोहपारू थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि शिक्षक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

