यमुनानगर:बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी व आभूषण चोरी
यमुनानगर, 05 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में बंद पड़े एक मकान में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखी नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महेंद्र नागपाल ने बताया कि वह पंचकूला में गेस्ट टीचर के रूप में कार्यरत हैं और फिलहाल अपनी माता के साथ वहीं किराये के मकान में रहते हैं।
यमुनानगर में उनका निजी मकान है, जो अधिकांश समय बंद रहता है और वह बीच-बीच में यहां आकर देखभाल कर लेते हैं। शिकायत के अनुसार वह करीब 10 जनवरी को आखिरी बार अपने घर आए थे। इसके बाद तीन मार्च को होली के अवसर पर जब वह यमुनानगर स्थित मकान पहुंचे तो घर के अंदर बने कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। जब उन्होंने अलमारी की जांच की तो उसमें रखी लगभग चार हजार रुपये की नकदी और कई आभूषण गायब मिले शिकायकर्ता ने बताया कि चोरी हुए सामान में सोने की बालियां, झुमके, टॉप्स और चांदी के कड़े तथा पाजेब शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोर घर के लंबे समय से बंद होने का फायदा उठाकर अंदर घुसे थे। पुलिस ने खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

