विद्यालय में शिक्षक पर हमला, जातिसूचक गाली और जान से मारने की धमकी का आरोप
भागलपुर, 13 मई (हि.स.)। जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर में बुधवार को उस समय हंगामा मच गया, जब विद्यालय में एक छात्रा को थप्पड़ मारने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शिक्षकों के साथ मारपीट एवं गाली-गलौज किए जाने का आरोप लगाया गया। बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी के समय एक छोटी बच्ची ने शिक्षक से कथित तौर पर अभद्र भाषा में बात की। इससे नाराज होकर शिक्षक ने बच्ची को थप्पड़ मार दिया।
बताया जा रहा है कि बच्ची राजगंज गांव की रहने वाली थी। घर पहुंचने के बाद उसने परिजन और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद करीब 20 से 25 लोग विद्यालय पहुंच गए। आरोप है कि गांव से पहुंचे लोगों ने शिक्षक और अन्य शिक्षकों के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि विद्यालय परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस दौरान वरिष्ठ शिक्षकों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने पीरपैंती थाना को फोन कर मदद मांगी।
थाना अध्यक्ष पंकज कुमार के निर्देश पर डायल 112 और गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं शिक्षक देवानंद पासवान ने आरोप लगाया कि उनके साथ जातिसूचक गालियां दी गईं और अपमानित किया गया।
उन्होंने मोहम्मद फैयाज और मोहम्मद मेहरान पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। शिक्षक का कहना है कि आरोपियों ने कहा, बाहर निकलो गोली मार देंगे। थाना अध्यक्ष पंकज कुमार ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

