home page

नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत करने वाले शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद जेल दाखिल

 | 
नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत करने वाले शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद जेल दाखिल


जगदलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। जिले के थाना काेतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक सरकारी स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ शिक्षक के द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। शिकायत की पुष्टि होने पर आरोपित शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर कार्रवाई उपरांत आज बुधवार काे विशेष पॉक्सो न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित शिक्षक ने नाबालिग छात्रा को अपने केबिन में बुलाया था। आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ अश्लील हरकत और दुर्व्यवहार किया गया। मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंचने के बाद पुलिस की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। पुलिस ने शिकायत की जांच की और संबंधित तथ्यों की पुष्टि के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।

जगदलपुर के सीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि शिक्षक ने छात्रा को अपने केबिन में बुलाया था, जहां उसके साथ दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत सामने आई थी। जिसके बाद इस घटना की शिकायत पीड़ितों ने कोतवाली थाने में की, शिकायत के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए जांच शुरू की और शिकायत की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपित शिक्षक पर पोस्को एक्ट की धारा 8 के साथ बीएनएस की धारा 75 और 74 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई उपरांत आज आरोपित को विशेष पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे