home page

जलपाईगुड़ी में सरकारी स्कूल शिक्षक गिरफ्तार, घर से ब्राउन शुगर बनाने की सामग्री बरामद

 | 
जलपाईगुड़ी में सरकारी स्कूल शिक्षक गिरफ्तार, घर से ब्राउन शुगर बनाने की सामग्री बरामद


जलपाईगुड़ी, 20 अगस्त (हि. स.)। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान में जलपाईगुड़ी जिला पुलिस ने एक सरकारी स्कूल शिक्षक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नागराकाटा के छोछारिया पेट्रोल पंप के पास शिक्षक के किराए के मकान से ब्राउन शुगर बनाने की सामग्री बरामद हुई है।

गिरफ्तार शिक्षक की पहचान रंजीत सिकदार के रूप में हुई है। उसके साथ कूचबिहार जिले के पुंडिबाड़ी निवासी धीरज महतो को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को संदेह है कि धीरज बरामद रकम लेकर ब्राउन शुगर खरीदने के लिए शिक्षक के घर पहुंचा था।

पुलिस ने बुधवार रात करीब दस बजे गुप्त सूचना के आधार पर रंजीत के किराए के मकान में छापेमारी की। शुरुआती तलाशी में 8.39 लाख रुपये नकद और कुछ जाली नोट बरामद हुए। इसके बाद 46वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को सूचना दी गई। प्रशिक्षित स्निफर डॉग की मदद से तलाशी लेने पर करीब 67 ग्राम ब्राउन शुगर बनाने का कच्चा माल, विशेष सफेद कपड़ा और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक, रंजीत सिकदार लंबे समय से स्थानीय हाई स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत है। उसके खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े आरोप सामने आ चुके हैं और वह कुछ वर्ष पहले जेल भी जा चुका है।

जिला पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी वीणापाणि ने बताया कि पुलिस को अंदरूनी सूत्रों से जानकारी मिली थी। अब यह जांच की जा रही है कि इस मामले के पीछे कोई बड़ा मादक पदार्थ गिरोह सक्रिय है या नहीं। दोनों आरोपितों को गुरुवार को जिला अदालत में पेश कर विस्तृत जांच के लिए पुलिस हिरासत की मांग की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार