अनूपपुर: रिश्तों को किया कलंकित, 15 वर्षीय भतीजी से फूफा ने किया दुष्कर्म
अनूपपुर, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना अंतर्गत रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। भाद गांव में रहने वाले फूफा ने अपनी 15 वर्षीय भतीजी (मानसिक कमजोर) को झांसे में लेकर उसके साथ लगातार दरिंदगी करता रहा। किशोरी के लगभग 5 माह के गर्भवती होने एवं पेट में दर्द बने रहने से जानकारी सामने आई।
परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी फूफा सीताराम केवट के खिलाफ किशोरी से दुष्कर्म कर गर्भवती एवं पॉक्सो की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस पीड़िता का मेडिकल विशेष टीम से कराने एवं न्यायालीन कथन की कार्रवाई भी कर रही है।
जानकारी के अनुसार 15 वर्षीय किशोरी को परिजनों द्वारा फूफा के यहां पढ़ाई के लिए वर्ष 2025 में छोड़ा था, कुछ दिनों बाद से फूफा जब भी पीड़िता की बुआ घर में नहीं रहती तो दरिंदगी करने के साथ धमकी देता रहा। 2 माह पूर्व पीड़िता की मां ने रात में आपत्तिजनक हरकत करते पकड़ा भी लेकिन मामला सामने नहीं आ सका। लगातार दैहिक शोषण से भतीजी के गर्भवती होने एवं शारीरिक बदलाव से सच्चाई सामने आई। रिश्तेदारी होने के कारण दोनों परिवार के लोगों का घर आना जाना लगातार बना रहता था। पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 64, 65 एवं पॉक्सो की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी फूफा को गिरफ्तार कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

