धार : ताराघाटी में 2.70 लाख की लूट के दो बदमाश गिरफ्तार, चार अब भी फरार
धार, 10 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के सरदारपुर और रिंगनोद क्षेत्र के ताराघाटी इलाके में 5 मई को हुई 2.70 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का खुलासा करते हुए सरदारपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूट की नकद राशि और वारदात में इस्तेमाल बाइक सहित कुल 1.61 लाख रुपये का माल बरामद किया है। इस वारदात को बदमाशों ने दो टोलियां बनाकर अंजाम दिया था।
रविवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि ग्राम चामझर निवासी पप्पू पिता केलसिंह अनारे अपनी पत्नी के साथ रिंगनोद आए थे। यहां उन्होंने चांदी गिरवी रखकर 2,70,000 रुपये लिए थे। जब वे वापस लौट रहे थे, तभी टांडा रोड वन चौकी के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर गिरा दिया और पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे।
एसपी सचिन शर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से सुराग जुटाए गए। 9 मई को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि इस कांड के पीछे भीलखेड़ी का गोकुल हरिसिंह 18 वर्ष और कालीदेवी का मुकाम धन सिंह 22 वर्ष शामिल हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। लूट के बाद सभी ने आपस में रकम बाट ली थी।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से 1,01,000 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
वारदात में शामिल लोकेश डावर, सन्नी डावर, राजेश डावर और नन्नू डावर (सभी निवासी कालीदेवी) फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस टीमें इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

