कपास के खेत में मिले गांजे के 383 पौधे, 67 लाख रुपये कीमत; एक आरोपित गिरफ्तार
धार, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जिले के टाण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरा में पुलिस ने कपास के खेत में अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 383 हरे पौधे बरामद किए हैं। इनका कुल वजन 363.188 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य करीब 67 लाख 13 हजार रुपये बताया गया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत टाण्डा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पुरा में कपास के खेत में गांजे की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की तलाशी ली। इस दौरान कपास की फसल के बीच गांजे के 383 हरे पौधे मिले। पुलिस ने सभी पौधों को विधिवत जब्त कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा ने मंगलवार को बताया कि ग्राम जोगिया निवासी मुलम सिंह डावर (26), पुत्र गुलाब सिंह डावर को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपित से गांजे की खेती करने के उद्देश्य, बीज प्राप्त करने के स्रोत, मादक पदार्थ की सप्लाई और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

