तालाब में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
खाचरोद, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरोद शहर के मध्य स्थित बस स्टैंड के पास बने तालाब में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहाने गए 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंकित वर्मा (12), पिता संतोष वर्मा, निवासी रैदास कॉलोनी, रतलाम रोड, अपने दोस्तों के साथ दोपहर करीब 2:30 बजे तालाब में नहाने गया था। शुरुआत में वह किनारे पर ही नहा रहा था, लेकिन कुछ देर बाद वह पास स्थित मंदिर के समीप गहरे हिस्से में चला गया, जहां करीब 17 फीट गहरा गड्ढा होने के कारण वह अचानक डूब गया।
घटना को देख साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला। तत्काल उसे शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि मृतक के माता-पिता मजदूरी करते हैं। इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में बच्चे अक्सर तालाब और नदी में नहाने जाते हैं, लेकिन गहराई का सही अंदाजा नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से तालाब पर सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी संकेत और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इस तालाब में डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi

