home page

जनकपुरी में नशे में धुत चालक ने ट्रैफिक कर्मी को मारी टक्कर

 | 

नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी जिले के जनकपुरी इलाके में शनिवार शाम चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार कार ड्राइवर ने ट्रैफिक पुलिस के जवान को टक्कर मार दी। घटना में कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, उसकी जान जाते जाते बची। पुलिस ने आरोपित ड्राइवर को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी कार जब्त कर ली है। वहीं घटना का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कार सवार पुलिसकर्मी को बोनट पर लटकाते हुए काफी दूर ले जाता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार, 21 मार्च की शाम करीब 5:52 बजे भारती कॉलेज, लाल साई मार्ग के पास ट्रैफिक पुलिस की टीम नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इस दौरान एसआई गुरदीप सिंह और कांस्टेबल मोहन पाल ने एक संदिग्ध सैंट्रो कार को रुकने का इशारा किया। पर चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय भागने की कोशिश की और सीधे कांस्टेबल मोहन पाल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कांस्टेबल कार के बोनट पर जा गिरा और कुछ दूरी तक घिसटने के बाद सड़क पर गिर पड़ा।

मौके पर मौजूद लोगों की मदद से कार को रोका गया और चालक को पकड़ लिया गया। पुलिस जांच में आरोपित की पहचान निलेश कुमार निवासी द्वारका बागडोला के रूप में हुई है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपित के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं—185 (नशे में ड्राइविंग), 184 (खतरनाक ड्राइविंग), 179 (आदेश न मानना) और 209 के तहत चालान कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यातायात में लगे कर्मियों की शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी