home page

कुल्लू में एसटीएफ ने नष्ट किए 1.60 लाख अफीम के पौधे

 | 
कुल्लू में एसटीएफ ने नष्ट किए 1.60 लाख अफीम के पौधे


कुल्लू, 01 मई (हि.स.)। स्पेशल टास्क फोर्स कुल्लू* द्वारा जिला कुल्लू में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध शुक्रवार को प्रभावी कार्रवाई की गई। स्पेशल टास्क फोर्स को गांव कशेड, तहसील व जिला कुल्लू में अफीम की अवैध खेती किए जाने संबंधी गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एस.टी.एफ. की टीम ने उक्त स्थान पर दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया।

स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा मौके पर की गई गहन तलाशी के दौरान *निजी भूमि पर लगभग 4.5 बीघा (कुल 9 खेत) में अफीम की अवैध खेती पाई गई, *जिसमें लगभग 1,60,000 अफीम के पौधे बरामद किए गए,* जिन्हें एसटीएफ टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

डीएसपी एसटीएफ कुल्लू हेमराज वर्मा ने बताया कि इस संबंध में थाना सदर कुल्लू में अवैध खेती में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध एन.डी.पी.एस. अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है तथा आरोपियों को निशानदेही के पश्चात गिरफ्तार किया जाएगा।

इस समन्वित कार्रवाई का उद्देश्य अवैध अफीम की खेती पर प्रभावी रोक लगाना, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, तथा भविष्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की पुनरावृत्ति को रोकना है।

वर्मा ने कहा हिमाचल प्रदेश पुलिस नागरिकों, विशेषकर युवाओं से मुख्यमंत्री द्वारा की गई अपील को दोहराती है कि वे चिट्टा/नशे से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाना में दें। सूचना देने वालों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह