home page

उज्जैन में सिंथेटिक ड्रग्स नेटवर्क पकड़ाया

 | 
उज्जैन में सिंथेटिक ड्रग्स नेटवर्क पकड़ाया


उज्जैन, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के थाना चिमनगंज मंडी, क्राईम ब्रांच और सायबर सेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई करते हुए सिंथेटिक ड्रग्स का नेटवर्क चलाने वाले 3 युवक पकड़े हैं। पकड़े गए युवकों ने आगर रोड़ स्थित एक गैरेज में प्रतिबंधित केमिकल का भंडारण कर रखा था।

चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने शनिवार को बताया कि इस केमिकल का उपयोग कर एमडीएमए जैसे खतरनाक ड्रग्स बनाए जाते हैं। पुलिस ने मौके से केमिकल और नगदी भी जब्त की है। उन्होने बताया कि मुखबीर की सूचना थी कि आगर रोड स्थित कृष्णा मोटर्स गैरेज पर प्रतिबंधित केमिकल्स का भंडारण किया गया है। इस पर थाना पुलिस ने क्राईम ब्रांच और साइबर सेल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैरेज पर छापा मारा। मौके पर अर्पित उर्फ सौरभ गुप्ता निवासी तिरूपति धाम एक्सटेंशन को पकड़ा। उसने पूछताछ में रंजीत पुत्र करण सिंह 33 वर्ष निवासी गरोठ और ओम प्रकाश पुत्र घनश्याम शर्मा 26 वर्ष निवासी बड़ौद के नाम बताए,जिन्हे हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दो बार केमिकल मंगवाया था। पहली खेप में करीब 50 किग्रा तथा दूसरी खेप में 25 किग्रा ब्रोनोपोल क्रिस्टल पाउडर मंगवाया था। पुलिस ने गैरेज से 75 किग्रा ब्रोनोपोल क्रिस्टल पाउडर, 8 लाख 50 हजार रुपए नकद, तीन फर्जी बिल और एक कार जब्त की है। जब्त किए गए केमिकल की माल बनने पर होनेवाली अन्तरराष्ट्रीय कीमत लाखो रूपए में होगी। जब्त बिल अनुसार आरोपियों ने पेंट और पुताई के नाम पर फर्जी बिलिंग के जरिए गुजरात की केमिकल कंपनियों से ब्रोनोपोल और 2-ब्रोमो-4-मिथाइल प्रोपियोफेनोन जैसे पदार्थ मंगवाए थे, जिनका उपयोग सिंथेटिक ड्रग्स बनाने में किया जाता है।

पुलिस ने शनिवार को अर्पित उर्फ सौरभ गुप्ता को न्यायालय में पेश कर 5 दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस इनके नेटवर्क में अन्य लोग के बारे में जानकारी हांसिल करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल