सिंथेटिक ड्रग्स लैब का खुलासा, 1.08 करोड़ रुपए कीमत की एमडीएमए जब्त
जोधपुर, 21 मई (हि.स.)। फलोदी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और बाप थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोडकिया गांव के एक सुनसान ट्यूबवेल परिसर में चल रही अवैध सिंथेटिक ड्रग्स लैब का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में एमडीएमए ड्रग्स, केमिकल और उपकरण जब्त किए गए हैं।
फलोदी पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने रात को मोडकिया क्षेत्र के भारूवा नगर स्थित एक टीनशेड वाले ट्यूबवेल पर दबिश दी। जांच में अंदर रासायनिक पदार्थों की तेज गंध महसूस हुई। छापेमारी के दौरान मौके से इलेक्ट्रिक हीटर, कांच के जार, मशीनें, रासायनिक तरल पदार्थ और एमडीएमए तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्रियां बरामद हुईं। पुलिस ने करीब 1.080 किलोग्राम अवैध एमडीएमए जब्त की, जिसकी बाजार कीमत लगभग एक करोड़ आठ लाख रुपए बताई जा रही है।
मौके से ट्यूबवेल मालिक मोडकिया निवासी सुखराम पुत्र रेशमाराम गोदारा को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने सुनसान स्थान को इसलिए चुना ताकि गतिविधियों की भनक किसी को न लगे। पुलिस का कहना है कि बरामद केमिकल से आगे लगभग 30 किलोग्राम तक ड्रग्स तैयार की जा सकती थी।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण और सीओ अचलसिंह देवड़ा के सुपरविजन में की गई। फिलहाल एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

