रायपुर : शहीद स्मारक के पास तलवार लहराकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार
रायपुर, 5 सितंबर (हि.स.)। शहीद स्मारक के पास सार्वजनिक स्थान पर धारदार तलवार लहराकर आम लोगों को भयभीत करने वाले 19 वर्षीय युवक को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने आज शनिवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लोहे की धारदार तलवार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहीद स्मारक के पास एक युवक हाथ में तलवार लेकर उसे लहराते हुए लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखकर आरोपित ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित की पहचान अंकित नेताम (19), पिता अमित नेताम, निवासी गोढ़पारा छेरीखेड़ी, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार जब्त की है। मामले में थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 143/26 दर्ज कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित अंकित नेताम पूर्व में थाना तिल्दा-नेवरा के हत्या के एक मामले में जेल में निरुद्ध रह चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

