कम कीमत में सोना दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
-मप्र स्थित इंदौर के व्यापारी ने बरुआसागर में दर्ज कराया था मुकदमा
झांसी, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बरुआ सागर थाना पुलिस ने कम कीमत में अधिक सोना दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लाखों रुपये की नकदी, अवैध तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के लसुड़िया निवासी व्यापारी दीपक दुबे ने बरुआ सागर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने मित्र अजय पोलाया के साथ कबाड़ का व्यापार करता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात रवि परिहार के माध्यम से दीपचंद्र कुशवाह से हुई थी। दीपचंद्र ने खुद को बड़ी मात्रा में सोने का मालिक बताते हुए बाजार मूल्य से कम कीमत पर सोना बेचने का प्रस्ताव दिया।
दीपक दुबे आरोपित की बातों में आ गया और तय सौदे के अनुसार दाे जून को अपने घर से 10 लाख रुपये लेकर बरुआ सागर स्थित मनसिल माता मंदिर पहुंचा। वहां दीपचंद्र अपने एक साथी के साथ आया और सोने का नमूना दिखाकर विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने दीपक से 10 लाख रुपये ले लिए और मौके से फरार हो गया।
पीड़ित के अनुसार जब उसने बाद में आरोपी से संपर्क कर सोना या रुपये वापस मांगे तो आरोपित ने देने से साफ इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर बरुआ सागर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बरुआ सागर पुलिस को आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में देर रात धमना रोड क्षेत्र में पुलिस को आरोपित दीपचंद्र के होने की सूचना मिली।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि जब टीम ने आरोपित को रोकने का प्रयास किया तो उसने तमंचे से हवाई फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने भी हवाई फायरिंग करते हुए घेराबंदी की और आरोपित को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ठगी की रकम में से छह लाख 27 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, दो कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके अन्य साथियों की तलाश और शेष रकम की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

