लखीमपुर-खीरी: बजरंग दल के हत्थे चढ़ा गोकशी का आरोपित, फ्रिज से बरामद हुआ संदिग्ध मांस
भीरा थाना क्षेत्र का मामला; पुलिस ने सैंपल जांच के लिए भेजे, पशु चिकित्सक की टीम कर रही है पड़ताल
लखीमपुर खीरी, 05 नवंबर (हि.स.)।जिले से कानून-व्यवस्था और सतर्कता से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है। थाना भीरा क्षेत्र में गोकशी की आशंका के चलते राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में अवैध रूप से मांस बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और संदिग्ध आरोपित समीर को दबोच लिया।
घर की तलाशी में बरामदगी
कार्यकर्ताओं द्वारा पकड़े जाने के बाद आरोपी को भीरा पुलिस को सौंपा गया। पुलिस ने जब आरोपित के घर की तलाशी ली, तो उसके फ्रिज से मांस के संदिग्ध टुकड़े बरामद हुए। भीरा पुलिस ने फ्रिज को अपने कब्जे में ले लिया है और बरामद मांस के टुकड़ों को परीक्षण के लिए भेज दिया है।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपित ने यह स्वीकार किया है कि वह यह मांस पास के ही एक गांव से लेकर आया था। इस मामले पर अधिक जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष भीरा अमित पांडेय ने बताया कि मांस के परीक्षण के लिए पशु चिकित्सक को बुलाया गया है। परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

