युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मां पर हत्या का आरोप
सिलीगुड़ी, 20 नवंबर (हि.स.)। सिलीगुड़ी के डाबग्राम इलाके में एक युवती की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान तनिशा घोष के रूप में हुई है। परिवार की ओर से उसकी मां दीपशिखा घोष पर तकिये से मुंह दबाकर हत्या का आरोप लगाया गया है। हालांकि, आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। सिलीगुड़ी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार के अनुसार, सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 23 स्थित डाबग्राम निवासी हरन घोष की बेटी तानिशा लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रही थी। वह अक्सर घर से बाहर चली जाती थी। परिवार की ओर से उसके इलाज के लिए कई जगह प्रयास किए गए, लेकिन कोई खास सुधार नहीं हुआ। बताया जाता है कि उसे लेकर परिवार में अक्सर विवाद भी होता था।
गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे तनिशा की दादी गौरी घोष उसे कमरे में बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा देखकर घबरा गईं। उन्होंने तुरंत तनिशा के भाई दीपंकर को बुलाया। कमरे में पहुंचने पर उसने देखा कि बहन के हाथ-पैर ठंडे पड़ चुके थे, मुंह से झाग निकल रहा था और सांस नहीं चल रही थी। आनन-फानन में उसे सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का दावा है कि घटना के बाद तनिशा की मां दीपशिखा घोष घर छोड़कर चली गईं। वहीं, दादी गौरी घोष ने आशंका जताई है कि उनकी पोती की तकिये से मुंह दबाकर हत्या की है। उन्होंने इस मामले में अपनी बहू पर संदेह जताया है।
हालांकि, युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिवार की शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

