सीवान में युवती का शव फंदे से लटका मिला, मामला संदिग्ध
सीवान, 07 अप्रैल (हि.स.)।
नगर थाना क्षेत्र के सिसवन ढाला स्थित लक्ष्मीपुर मोहल्ले के एक मकान से मंगलवार की अपराह्न पुलिस ने एक 27 वर्षीय युवती का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ संदिग्ध स्थिति में बरामद किया। मृतका की पहचान सृष्टि कुमारी के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के गंगा ब्रिज थाने के मदारपुर निवासी स्वर्गीय अर्जुन सिंह की पुत्री बताई जा रही है।
बताया जाता है कि सृष्टि कुमारी हसनपुरा प्रखंड के सहुली चट्टी स्थित प्रखंड कृषि पदाधिकारी कार्यालय में मार्च 2023 से सहायक तकनीकी प्रबंधक के पद पर कार्यरत थी। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने के इंस्पेक्टर अविनाश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था और हल्का धक्का देने पर ही खुल गया। अंदर फंदे से लटक रही सृष्टि का शव जमीन को स्पर्श कर रहा था, जिससे मामला और संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
कमरे में बिस्तर पर एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें बड़े और बेढंगे अक्षरों में लिखा था— मैं करना नहीं चाहती थी, हैंडल नहीं कर पाई। मम्मी माफ करना, तुझे परेशान किया। हालांकि, लिखावट को देखकर प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि इसे किसी शिक्षित व्यक्ति ने लिखा है या नहीं।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी आदित्य प्रताप पांडेय ने बताया कि सोमवार को सृष्टि कार्यालय नहीं आई थी। जब उसके बारे में जानकारी ली गई तो उसकी एक महिला सहकर्मी ने फोन किया, जिस पर सृष्टि ने बताया था कि वह ट्रेन से सीवान आ रही है।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य एकत्र किए हैं। समाचार लिखे जाने तक मृतका के परिजन सीवान नहीं पहुंच सके थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

