home page

पुलिस हिरासत में संदिग्ध हालात मेें नाइजीरियाई नागरिक की मौत

 | 

नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी जिले के राजौरी गार्डन इलाके में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक विदेशी नागरिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। जांच मृतक की पहचान नाइजीरिया निवासी क्रिश्चियन एजे प्रॉमिस के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी संबंधित एजेंसियों को इसकी सूचना दे दी गई है।

पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त दाराडे शरद भास्कर ने सोमवार को बताया कि 29 मार्च की शाम “ऑपरेशन कवच” के तहत स्पेशल स्टाफ की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति काले रंग की टीवीएस स्कूटी पर गलत दिशा से मेट्रो स्टेशन की ओर आता दिखाई दिया। उसकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही आरोपित ने भागने का प्रयास किया और इस दौरान उसने अपनी स्कूटी से पुलिसकर्मियों की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गया, लेकिन तुरंत उठकर स्कूटी छोड़कर मौके से पैदल भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार, हिरासत में लिए जाने के बाद संदिग्ध को टैगोर गार्डन स्थित स्पेशल स्टाफ कार्यालय लाया गया। वहां उसने असहयोगपूर्ण रवैया अपनाया और खुद की तबीयत खराब होने की शिकायत की। इसके बाद उसे तुरंत गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार डॉक्टरों ने जांच के दौरान बताया कि अस्पताल में लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल शव को एम्स के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान क्रिश्चियन एजे प्रॉमिस के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नाइजीरिया का निवासी था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी सूचना राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, विदेश मंत्रालय तथा नाइजीरिया के उच्चायोग को दे दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी कानूनी प्रक्रियाओं और दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी