home page

संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, दहेज हत्या के आरोप से मचा हड़कंप

 | 

सीवान, 10 अप्रैल (हि.स.)। सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के नबीगंज गांव में शुक्रवार को एक 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका प्रियंका कुमारी उर्फ बड़की है, जो विकास कुमार साह की पत्नी थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना स्थानीय चौकीदार द्वारा पुलिस को दी गई। इसके बाद थानाध्यक्ष छोटन कुमार, एसआई अनुप्रिया कुमारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया।

मृतका के परिजन सारण जिले के जनता बाजार से सूचना मिलते ही नबीगंज पहुंचे और सीधे थाने जाकर पति समेत सास-ससुर पर हत्या का आरोप लगाया।

परिजन का कहना है कि शादी के बाद से ही प्रियंका को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसका गला दबाकर या फांसी लगाकर हत्या कर दी गई।

घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा की भयावह सच्चाई को उजागर कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma