home page

नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, प्रेमी हिरासत में

 | 
नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, प्रेमी हिरासत में


सिलीगुड़ी, 15 सितंबर (हि. स.)। सिलीगुड़ी के आशीघर चौकी क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की का शव फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतका के नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लेकर मंगलवार उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सुसाइड नोट में प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामले को लेकर इलाके में शोक और नाराजगी का माहौल है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार को घर में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर नाबालिग ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बाद में उसकी मां घर लौटी तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने पड़ोसियों की मदद ली। घर के दूसरे हिस्से से अंदर देखने पर लड़की का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना पाकर आशीघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बरामद करने के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला। नोट में लड़की ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए अपनी मौत के लिए प्रेमी को जिम्मेदार ठहराया और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद परिवार की ओर से आशीघर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतका के नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लिया। आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार