अनूपपुर: महिला की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका
अनूपपुर, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुना कॉलरी में सोमवार को 42 वर्षीय जानकीबाई गोंड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर भालूमाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का निरिक्षण कर पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान मिले हैं, मौत और शव मिलने की परिस्थितियों के आधार पर पुलिस मामले में हत्या की आशंका जता रही है। लोगों से पूछताछ में जानकीबाई अपने पति से अलग सफीक खान के साथ रह रही थीं और उनका शव उसी घर से बरामद हुआ है।
थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पंचनामा तैयार कर दोपहर को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने मृतका के पति और अन्य परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला पिछले करीब तीन वर्षों से अपने पहले पति से अलग होकर दूसरे व्यक्ति के साथ रह रही थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

