रोहिणी में युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजन बोले- मकान मालिक ने पीट-पीटकर मार डाला, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। रोहिणी के बुध विहार इलाके में 31 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों ने मकान मालिक पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए बुध विहार-कंझावला रोड जाम करने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और काफी देर तक समझाने के बाद सड़क खाली कराकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 31 वर्षीय गणेश के रूप में हुई है। वह अपने पिता हरिप्रसाद के परिवार से अलग बुध विहार इलाके में किराये के मकान में रहता था। शुक्रवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। मकान मालिक उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गणेश की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन अस्पताल पहुंच गए। उनका आरोप है कि गणेश की मौत स्वाभाविक नहीं, बल्कि मकान मालिक की पिटाई के कारण हुई है। स्वजनों का कहना है कि गणेश के शरीर पर चोट के निशान थे और उसकी बेरहमी से पिटाई की गई थी। इसी आरोप को लेकर शनिवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बुध विहार-कंझावला रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और सड़क पर यातायात बहाल कराया गया। उधर, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, गणेश को अत्यधिक शराब पीने की लत थी। उसकी मौत किन कारणों से हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य, घटनास्थल से मिले तथ्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजन हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित मकान मालिक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। इसी वजह से पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

