home page

छात्रावास में रह रहे 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, दो शिक्षक हिरासत में

 | 
छात्रावास में रह रहे 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, दो शिक्षक हिरासत में


पश्चिम चम्पारण(बगहा),10 जुलाई (हि.स.)।

बगहा पुलिस जिला के लौकरिया थाना क्षेत्र स्थित हरनाटांड के एक निजी विद्यालय के छात्रावास में रह रहे एक 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि क्षेत्र में भी मामले को लेकर चर्चा का माहौल है।

मृतक की पहचान वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेंडियारी करमाहा टोला निवासी राजकिशोर शर्मा के पुत्र प्रिंस कुमार (10 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि प्रिंस उक्त विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान उसकी संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लोकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

मामले की जांच कर रही पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) रागिनी कुमारी ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान विद्यालय के दो शिक्षकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी। वहीं, मृतक के परिजनों ने घटना की गहन जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी